Third Eye Today News

वार्ड 3,7,12 का कमिश्नर ने किया दौरा

Spread the love

सोलन, 25 अगस्त 2026: नगर निगम सोलन के आयुक्त ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, पार्क, सीवरेज व्यवस्था, फुट ओवरब्रिज सहित अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने वार्ड नंबर 3 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वार्ड में नियमित रूप से प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्थान पर कूड़ा जमा न होने दिया जाए। स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली सफाई संबंधी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से संबंधित विभिन्न समस्याओं का भी मौके पर जायजा लिया गया। आयुक्त ने NHAI अधिकारियों के साथ इन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा वार्ड में पार्क, सीवरेज व्यवस्था, फुट ओवरब्रिज तथा नगर निगम से संबंधित अन्य विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, आयुक्त ने पुराने डीसी कार्यालय से धोबी घाट सड़क मार्ग के बीच क्षतिग्रस्त हुई रिटेनिंग वॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंता (AE) और कनिष्ठ अभियंताओं (JEs) के साथ मौके का जायजा लेते हुए दीवार को हुए नुकसान की स्थिति की जानकारी ली। यह सड़क मार्ग वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 12 के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।

आयुक्त ने इंजीनियरिंग स्टाफ को रिटेनिंग वॉल के नुकसान का विस्तृत आकलन करने, मौके की सुरक्षा स्थिति की जांच करने तथा दीवार की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय निवासियों और राहगीरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा दोनों वार्डों के बीच संपर्क व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, सैनिटरी इंस्पेक्टर/सुपरवाइजर, सफाई कर्मचारी, NHAI के अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर निगम के उपमहापौर भी मौजूद रहे।

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न वार्डों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें और सोलन को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक