कालाअम्ब में मशीन की मरम्मत करते चपेट में आने से मजदूर की मौत
जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब के जय एलाय उद्योग में मशीन की चपेट में आने से एक अन्य राज्य के मजदूर की मौत हो गई। कालाअम्ब पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोलिंग मिल में मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इके चलते प्लाट को बंद किया गया था।
कंपनी का एक कर्मचारी सोनू सिंह पुत्र श्रीपति सिंह निवासी गांव व डाकखाना हाटा तहसील कुशीनगर जिला कुशीनगर, उत्तर प्रदेश मशीन की मरम्मत कर रहा था। उसने अपने एक अन्य साथी को मशीन को स्टार्ट करने के लिए कहा। दूसरे कर्मचारी ने मशीन को चेक करने के लिए स्विच आन किया। इसी दौरान रोलिंग मशीन धीरे-धीरे चलने लगी। अचानक से मशीन में कुछ खराबी आई, जिसे चेक करने के लिए सोनू सिंह ने मशीन रोकी तथा वह मशीन चेक करने लगा। इसी दौरान वह मशीन की चपेट में आ गया तथा उसके चीखने की आवाज आई। उसके बाद एकदम मशीन को बंद किया गया, लेकिन तब तक सोनू सिंह पूरी तरह से घायल हो चुका था। घायल मजदूर सोनू सिंह को तत्काल कालाअंब के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उसने दम तोड़ दिया।


