Third Eye Today News

जमीन की तकसीम के बदले मांगे 1500 रुपए, पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस ने बंदोबस्त विभाग में तैनात एक पटवारी के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पटवारी पर जमीन के बंटवारे (तकसीम) का काम निपटाने के बदले 1,500 रुपये की कथित मांग करने का आरोप है।

शिकायतकर्ता विकास कंवर के मुताबिक, बंदोबस्त विभाग के पटवारी अंकुर ने जमीन की तकसीम से जुड़े काम के बदले 1,500 रुपये मांगे थे। आरोप है कि यह राशि डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म ‘गूगल पे’ के जरिए ट्रांसफर करने के लिए पटवारी ने एक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने के सबूत के तौर पर विजिलेंस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है।

वहीं, प्राप्त शिकायत और प्राथमिक सबूतों के आधार पर विजिलेंस थाना सोलन में पटवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। विजिलेंस की टीम अब मामले से जुड़े सभी कानूनी व तकनीकी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है। मामले की पुष्टि करते हुए हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक