सोलन के गौरव सब्बरवाल ने रोम में बढ़ाया हिमाचल का मान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की जमकर सराहना
सोलन के गौरव सब्बरवाल ने रोम में बढ़ाया हिमाचल का मान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की जमकर सराहना
सोलन/रोम। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के युवा उद्यमी गौरव सब्बरवाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता का परिचय देते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। इटली की राजधानी रोम में भारत का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे गौरव की उपलब्धि से सोलन सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है।
गौरव सब्बरवाल शूलिनी सैफ्रॉन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। वह भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत DPIIT और स्टार्टअप इंडिया के भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर रोम पहुंचे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कर रहे हैं।
पीयूष गोयल ने बताया सबाथू से अपना रिश्ता
रोम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गौरव सब्बरवाल और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बीच हुई मुलाकात खास चर्चा का विषय रही। बातचीत के दौरान मंत्री ने बताया कि उनकी दादी का संबंध हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सबाथू से रहा है। उन्होंने गौरव को सोलन जैसे छोटे जिले से निकलकर रोम में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर बधाई दी और उनकी उपलब्धि की सराहना की।
पीयूष गोयल ने कहा कि सोलन जैसे छोटे जिले का युवा आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की पहचान बना रहा है। यह दर्शाता है कि सरकार के प्रयासों से छोटे शहरों और कस्बों के युवाओं को भी वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

