Third Eye Today News

रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं, युवाओं की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक : करण नंदा

Spread the love

प्रदेशभर में आयोजित हों रक्तदान शिविर, आपातकाल के लिए तैयार हो रक्तदाताओं की डायरेक्टरी : नंदा

शिमला, 28 नवंबर। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुदीप महाजन एवं रमा ठाकुर भी उपस्थित रहे।

करण नंदा ने चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। युवाओं द्वारा इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि शिविर में आईजीएमसी शिमला की टीम द्वारा एकत्रित रक्त अस्पताल के ब्लड बैंक में जमा किया जाएगा, जो जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध होगा।

नंदा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं हो सकता। सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, कैंसर के उपचार, कीमोथेरेपी एवं विभिन्न शल्य चिकित्साओं के दौरान मरीजों को रक्त और उसके विभिन्न घटकों की आवश्यकता पड़ती है। आए दिन सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से विभिन्न रक्त समूहों की आवश्यकता की सूचनाएं प्राप्त होती हैं। ऐसे में देवभूमि हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक जिले और खंड में नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए।

उन्होंने चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन को रक्तदाताओं की एक डायरेक्टरी तैयार करने का सुझाव भी दिया, जिसमें रक्तदाताओं की सहमति से उनके रक्त समूह एवं संपर्क संबंधी जानकारी उपलब्ध हो। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए योग्य रक्तदाताओं से शीघ्र संपर्क स्थापित किया जा सकेगा।

करण नंदा ने कहा कि चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान के बाद शरीर प्राकृतिक रूप से रक्त के विभिन्न घटकों की पूर्ति करता है। हिमाचल प्रदेश में अनेक ऐसे समर्पित रक्तदाता भी हैं, जिन्होंने सौ से अधिक बार रक्तदान कर समाज के समक्ष मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और सोशल मीडिया के माध्यम से भी रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाएं। रक्तदान करते हुए अपनी तस्वीर और प्रेरणादायक संदेश साझा करने से अन्य युवाओं को भी इस अभियान से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

नंदा ने कहा कि भारत एक युवा देश है और युवा समाज के पथप्रदर्शक होते हैं। युवा जिस दिशा में आगे बढ़ते हैं, समाज और राष्ट्र भी उसी दिशा में आगे बढ़ता है। चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन की यह पहल युवा शक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे सामाजिक अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक