Third Eye Today News

धर्मपुर में चोरी का मामला सुलझा, शातिर चोर गिरफ्तार

Spread the love

धर्मपुर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06-02-2026 को धर्मपुर निवासी  करण कुमार ने पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई कि 05-02-2026 को वह अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे और उनके परिवार के सदस्य सत्संग में गए थे। जब परिवार के सदस्य दिन में घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट और दरवाजा खुला हुआ था तथा दरवाजे का ताला गायब था।

घर के अंदर जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ पाया गया और उसमें रखे सोने व चांदी के जेवरात चोरी हो चुके थे। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 04-02-2026 को दिन के समय घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए जेवरातों की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने चोरी हुए जेवरातों और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि पुलिस थाना ठियोग, जिला शिमला में एक व्यक्ति को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है, जो पूर्व में भी कई आपराधिक गतिविधियों और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।

इस सूचना पर धर्मपुर पुलिस की टीम तुरंत ठियोग पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 04-02-2026 को धर्मपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

इसके बाद पुलिस ने 12-03-2026 को मामले में संलिप्त आरोपी मोहमद शरीफ पुत्र मोहमद गुलजार निवासी गांव कोटी चडीयार, डाकघर सुरजन चिलोग, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर), उम्र 55 वर्ष को पुलिस थाना ठियोग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 13-03-2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पुलिस थाना सदर सोलन में 1, अर्की में 2, जिला चंबा के चुवाड़ी में 1, जिला हमीरपुर के सदर व सुजानपुर में 2, जिला मंडी के सुंदरनगर, मंडी सदर व सरकाघाट में 4 तथा जिला शिमला के ठियोग में 2 मामले शामिल हैं।

पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक