
उपमंडल आनी की ग्राम पंचायत कुठेड़ के कटाहर गांव में एक युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से आक्रोशित होकर लड़की के घर में आग लगा दी। गनीमत रही कि पड़ोसियों की सतर्कता के कारण लड़की के परिवार के सदस्य मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकल आए।पीड़ित राजेश कुमार, पुत्र कृष्ण लाल निवासी कटाहर (तांदी) ने पुलिस को बताया कि पंकज शर्मा नामक युवक उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया, तो उसने दो दिन पहले ही दूरभाष के माध्यम से धमकी दी थी। आरोपित ने साफ शब्दों में कहा था कि यदि उसकी शादी राजेश की बेटी से नहीं करवाई गई, तो वह पूरे परिवार को घर के अंदर ही आग लगाकर राख कर देगा। शुक्रवार की रात उसने अपनी इस खौफनाक धमकी को अंजाम दे डाला।
पुलिस में दर्ज बयान के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे राजेश कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। करीब 10:30 बजे अचानक घर की बाहरी दीवारों से आग की लपटें उठने लगीं। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली महिला ने आग की लपटें देखीं और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर राजेश और उनका परिवार गहरी नींद से जागा और आनन-फानन में घर से बाहर निकला।
शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गया।
Post Views: 17