घरेलू हिंसा विवाद में गुस्साए पति ने पत्नी को पेट्रोल छिड़क जलाने का किया प्रयास, PGI रैफर
कोटली उपमंडल के सपलोह में घरेलू हिंसा विवाद में गुस्साए पति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जलाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के दौरान गुस्साए पति ने वीरवार सुबह अचानक महिला पर पेट्रोल उड़ेल दिया। महिला को आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोनल अस्पताल रैफर किया गया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया। घटना में महिला नीलम का चेहरा और बाल जल गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया। आरएफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और सैंपल लिए। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मंडी में तेजाब कांड में हुई थी महिला की मौत
मंडी शहर के सैण मोहल्ला में घरेलू विवाद के दौरान महिला पर तेजाब फेंकने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। महिला ने कई दिन तक तेजाब से लगे घावों का दर्द सहने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया था। 15 नवंबर 2025 को पति नंद लाल ने पारिवारिक विवाद के बीच ममता पर तेजाब फेंक कर उसे पहली मंजिल से धक्का दे दिया था। इस कांड ने प्रशासन को भी हिला दिया था। घटना के बाद प्रशासन ने तेजाब की बिक्री और भंडारण पर सख्ती करते हुए लाइसेंस अनिवार्य कर दिया है। अब पेट्रोल उड़ेलकर महिला को जलाने के प्रयास का मामला सामने आया है।
![]()
