Third Eye Today News

शिमला में बिना परमिट व दस्तावेजों के दौड़ रही निजी बस जब्त

Spread the love

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में परिवहन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान आरटीओ शिमला ने बिना परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रही एक निजी बस को जब्त किया है। बस कई गंभीर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित की जा रही थी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता था।

परिवहन विभाग के अनुसार बस संख्या HP-51-3201 की नियमित जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुका था और बस के पास वैध परमिट भी नहीं था। इसके अलावा चालक मौके पर वाहन का ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों ने बताया कि बस पर विशेष सड़क कर भी बकाया था, जो वर्ष 2021 से जमा नहीं कराया गया था। साथ ही बस अपने निर्धारित परमिट मार्ग से बाहर संचालित की जा रही थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

कार्रवाई के बाद बस को आगे की प्रक्रिया पूरी होने तक एचआरटीसी कार्यशाला में खड़ा कर दिया गया है। विभाग ने कहा है कि संबंधित वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और बकाया कर तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही वाहन को छोड़े जाने पर निर्णय लिया जाएगा।

आरटीओ शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी वाहन का संचालन यात्रियों की सुरक्षा के साथ समझौता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है और इसके लिए समय-समय पर विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे।

उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई वाहन बिना दस्तावेजों, बिना परमिट या असुरक्षित स्थिति में चलता दिखाई दे, तो इसकी जानकारी तुरंत आरटीओ कार्यालय या संबंधित अधिकारियों को दें। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का पालन करवाने के लिए भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़कों पर केवल सुरक्षित और वैध दस्तावेजों वाले वाहन ही संचालित हो सकें।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक