Third Eye Today News

भाजपा के आगामी ‘प्रदेश स्तरीय सहकार सम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर सोलन में अहम बैठक संपन्न

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 29 नवंबर 2026 (रविवार) को आयोजित किए जाने वाले ‘प्रदेश स्तरीय सहकार सम्मेलन’ की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज होटल शगुन (राजगड़ रोड, जटोली, सोलन) में एक विशेष टोली बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में सम्मेलन के सफ़ल आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया और सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अलग-अलग ज़िम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इस भव्य सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन शिरकत करेंगे। सम्मेलन प्रातः 10:00 बजे होटल शगुन, राजगड़ रोड, जटोली (सोलन) में आयोजित होगा।

नेताओं के वक्तव्य:
* पुरुषोत्तम गुलेरिया (प्रदेश अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संकुल, भाजपा हि.प्र.): बैठक को संबोधित करते हुए पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि यह प्रदेश स्तरीय सहकार सम्मेलन संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी-अपनी ज़िम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें ताकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल जी और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन जी के मार्गदर्शन में होने वाला यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफ़ल हो।

* प्रो॰ रवीन्द्र ठाकुर (प्रदेश समन्वयक, प्रकोष्ठ संकुल, भाजपा हि.प्र.): बैठक को संबोधित करते हुए प्रो॰ रवीन्द्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा के सभी प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों और संगठन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य कर रहे हैं। सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित यह प्रदेश स्तरीय सम्मेलन ज़मीनी स्तर पर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गठित की गई सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस सम्मेलन को पूरी तरह सफ़ल बनाएंगी।

 

* नरेश चौहान (प्रदेश संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ): नरेश चौहान ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इस सम्मेलन के माध्यम से सहकारिता से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर केंद्र एवं प्रदेश स्तर पर सहकारिता को सुदृढ़ करने की नीतियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। सम्मेलन को लेकर प्रदेश भर के सहकारी बंधुओं में भारी उत्साह है।

* यशपाल ठाकुर (ज़िला संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ, सोलन): यशपाल ठाकुर ने कहा कि सोलन ज़िले को इस राज्य स्तरीय सम्मेलन की मेज़बानी मिलना गर्व की बात है। ज़िला इकाई द्वारा संचालन, मंच एवं सभागार, पदाधिकारी सत्कार एवं आवास, भोजन, स्वागत, बिजली, पानी एवं स्वच्छता, कार्यालय एवं पंजीकरण, पार्किंग, प्रचार – प्रसार, वित्त और यातायात व्यवस्था के लिए विभिन्न समितियां बना दी गई हैं और सोलन ज़िले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग इस सम्मेलन में भाग लेंगे।

बैठक में इनकी रही विशेष उपस्थिति:
इस महत्वपूर्ण बैठक में ज़िला परिषद की अध्यक्षा कुमारी शीला, भरत साहनी, अरुष गुप्ता, चरण यादव, चंद्रकान्त शर्मा, विजय ठाकुर, शैलेंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र ठाकुर, संजय मलिक, मनीष कुमार, नरेश गांधी, बलवीर ठाकुर, धर्मेन्द्र ठाकुर (बंटी), जगदीश गर्ग तथा वेदांत ठाकुर (स्नो) सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता भी बैठक में उपस्थित रहे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक