नेशनल गेम्स में हिमाचल के सावन बरवाल ने जीता गोल्ड, राष्ट्रीय रिकॉर्ड से चूके
हिमाचल प्रदेश के धावक सावन बरवाल ने उत्तराखंड के गंगा एथलेटिक्स ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय खेल 2025 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 28:49.93 मिनट का समय निकालते हुए एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया। उनका यह समय 29:33.26 मिनट के क्वालीफिकेशन मानक से बेहतर रहा। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने अपना ही व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 28:51.88 मिनट को भी पीछे छोड़ दिया, जो उन्होंने मई 2024 में लंदन में ‘नाइट ऑफ द 10,000 मीटर पीबीएस’ में दर्ज किया था।हालांकि, सावन बरवाल अभी भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड 27:14.88 मिनट से पीछे हैं, जिसे भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने 2024 में जापान के ‘हाचि ओजी लॉन्ग डिस्टेंस’ मीट में बनाया था। उन्होंने 27 मिनट 14.88 सेकेंड का समय लिया, जो उनके पिछले रिकॉर्ड 27 मिनट 41.81 सेकेंड (मार्च 2024 में सैन जुआन, अमेरिका में स्थापित) से बेहतर है।
इसके अतिरिक्त, गुलवीर सिंह 5,000 मीटर दौड़ में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं। सितंबर 2024 में उन्होंने 13 मिनट 11.82 सेकेंड में यह दूरी तय की, जो उनके द्वारा पहले बनाए गए रिकॉर्ड से तेज था। हालांकि, वह पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके, क्योंकि ओलंपिक के लिए निर्धारित 27 मिनट के मानक से वह लगभग 41 सेकंड पीछे रह गए।
अब, बरवाल मई 2025 में गुमी, दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस शानदार जीत से हिमाचल प्रदेश और देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई है, और खेल जगत में उनसे बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।