सोलन में जिंदा महिला का कागजों में अंतिम संस्कार का मामला, FIR दर्ज
शहर से सटे सलोगड़ा में जिंदा महिला का कागजों में दाह संस्कार करने के मामले में पुलिस ने वीरवार को एफआईआर दर्ज कर दी है। नगर निगम की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस फर्जीवाड़े में कई लोगों के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। किस मकसद से पूरा षडयंत्र रचा गया था, इसका भी जांच में खुलासा होगा।मामले में दाह संस्कार के नाम पर लकड़ी लेने वाले संदेह के घेरे में आ गए हैं। साथ ही नगर निगम की ओर से कैसे मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, नगर निगम की मानें तो मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए अर्जी भी आई है। इसमें भी परिजनों ने बाकायदा हस्ताक्षर किए हैं। इसमें महिला का आधार कार्ड भी इस्तेमाल किया गया है। दूसरी ओर बताया जा रहा है कि महिला के नाम पर कई लाखों की इंश्योरेंस भी हुई है, लेकिन महिला को इसके बारे में पता तक नहीं था।महिला का पांच जनवरी को कागजों में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
महिला को इस बारे में तब पता चला जब इंश्योरेंस के सत्यापन के लिए कंपनी का कर्मी घर आया और पॉलिसी के कागजात मांगने लगा। एमसी की महापौर ऊषा शर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को दी है। नगर निगम की इसमें कोई कोताही नहीं है। संबंधित के परिजन अर्जी लेकर आए थे। श्मशानघाट में तैनात कर्मी से पूछताछ की गई। कर्मी ने साफ किया है कि उसने कागजात लेने और फॉर्म भरने के बाद लकड़ियां दीं।महिला के गलत कागजात बनाने के मामले में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद पता चलेगा कि कागजात किसने तैयार किए ।