Third Eye Today News

सुंदरनगर में पुलिस ने पकड़ी बीयर की 116 पेटियां, सब्जियों की खाली क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जा रहा था खेप

Spread the love

मंडी जिले के सुंदरनगर में नौलखा फ्लाईओवर के समीप धनोटू पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बीयर की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक पिकअप जीप से बीयर की 116 पेटियां बरामद की हैं, जिनकी कुल मात्रा 904.8 लीटर बताई जा रही है। आरोपी चालक सब्जियों की खाली क्रेटों के नीचे बीयर की पेटियां छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने खेप को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना धनोटू की टीम एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में गश्त और यातायात चेकिंग कर रही थी। टीम में आरक्षी निशीकांत, कमल किशोर और होमगार्ड जवान हरीश भी शामिल थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुंदरनगर से मंडी की ओर जा रही एक पिकअप जीप में अवैध रूप से बीयर की खेप ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नौलखा फ्लाईओवर के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में ऊपर की ओर सब्जियों की खाली क्रेटें रखी हुई थीं, जबकि उनके नीचे बीयर की पेटियां छिपाई गई थीं। पुलिस ने क्रेटों को हटाकर जांच की तो बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, पिकअप से बरामद 116 पेटियों में 110 पेटियां टबर्ग ब्रांड और 6 पेटियां किंगफिशर ब्रांड की हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बीयर की यह खेप पंजाब में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस अब खेप के स्रोत, इसे ले जाने के पीछे शामिल लोगों और परिवहन से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।

उधर, एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नौलखा फ्लाईओवर के पास पुलिस ने पिकअप जीप से बीयर की 116 पेटियां बरामद की हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक