Third Eye Today News

सांसद सुरेश कश्यप ने नगर निगम सोलन को जारी किए 44 लाख रुपये : अभिषेक ठाकुर

Spread the love

सोलन। शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने सांसद निधि से नगर निगम सोलन के विभिन्न वार्डों में विकासात्मक कार्यों के लिए 44 लाख रुपये की धनराशि जारी की है। इस राशि से शहर के विभिन्न वार्डों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।
सांसद निधि से 44 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने पर भाजपा जिला प्रवक्ता एवं नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 15 के पार्षद अधिवक्ता अभिषेक ठाकुर ने सांसद सुरेश कश्यप का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
प्रेस को जारी बयान में अभिषेक ठाकुर ने कहा कि सांसद द्वारा उपलब्ध करवाई गई यह धनराशि सोलन शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी। वर्तमान में नगर निगम के सामने वित्तीय संसाधनों से जुड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में सांसद निधि से मिलने वाला यह सहयोग विभिन्न वार्डों में आवश्यक विकास कार्यों को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा।
अभिषेक ठाकुर ने कहा कि सांसद सुरेश कश्यप शिमला संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी देशभर में आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जारी की गई 44 लाख रुपये की धनराशि का नगर निगम सोलन के विभिन्न वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर सदुपयोग किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
अंत में अभिषेक ठाकुर ने सांसद सुरेश कश्यप का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए केंद्र सरकार, सांसद और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि जनहित के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक