मुख्यमंत्री रैलियों में जनता का करोड़ों रुपए कर रहे बर्बाद, जनता को जवाब दें जयराम, हजारों करोड़ का कर्ज लेकर जनता को क्या सुविधाएं दीं : सुरजीत ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी

Spread the love

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने सोलन में प्रेस कांफ्रेंस कर जयराम सरकार पर जनता के पैसों को बर्बाद करने का आरोप लगाया। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि जयराम सरकार प्रदेश में बड़ी-बड़ी रैलियां कर रहे हैं, बड़े-बड़े पंडाल लगा रहे हैं, जिसमें लाखों रुपए खर्च हो रहा है। रैलियों में जनता का करोड़ों रुपए बर्बाद किया जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा सरकार ने प्रदेश को 70 हजार करोड़ का कर्ज दार बना दिया है। जयराम ठाकुर जनता को हिसाब दें कि करोड़ों रुपए खर्च कर जनता के लिए क्या किया, कहां खर्च किया है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने पांच साल में कुछ नहीं किया, अब चुनावों में हार देखकर रैलियों में करोड़ों रुपए खर्च कर झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। प्रदेश को कर्ज में डुबाकर कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने प्रदेश की जनता को खुशहाली की जगह बदहाली दी है। सुरजीत ठाकुर ने हिमाचल को कर्ज में डुबाने के लिए कांग्रेस और भाजपा सरकार दोनों को दोषी ठहराते हुए कहा कि कर्ज लेने में जयराम सरकार सबसे आगे हैं। जयराम सरकार ने प्रदेश को 21536 हजार से अधिक के कर्ज में डुबाया है। प्रदेश में जब जयराम सरकार बनी थी तब कर्ज 47906 करोड़ का था। इसके बाद जयराम सरकार ने 2018-19 में 2867 करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश पर 50773 करोड़ का कर्ज चढ़ा दिया। 2019-20 में 5334 करोड़ का कर्ज लिया। 2020-21 में 4886 करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश को 60993 करोड़ के कर्ज में डुबा दिया। इसके बाद 2021-22 में 8449 करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश पर 69479 करोड़ के कर्ज में डुबा दिया। पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 2012 से 2017 तक 19186 करोड़ का कर्ज लिया था तो जयराम सरकार ने पांच साल में 21536 करोड़ से अधिक का कर्जा लिया है। जिससे साबित होता है कि जयराम सरकार कर्ज लेने में नंबर वन पर है। अभी हाल ही में जयराम सरकार कर्मचारियों को डीए देने के लिए 2500 करोड़ का कर्ज ले रही है। जयराम ठाकुर जवाब दें कि लगातार कर्ज ले रहे हैं तो प्रदेश के कर्मचारियों को वेतन कहां से देंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जनता को जवाब देना चाहिए कि हजारों करोड़ का कर्ज लेकर जनता के लिए क्या किया है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सड़कें खस्ताहाल है। यहां पर गड्ढों के बीच सड़क ढूंढनी पड़ रही है। प्रदेश की हर सड़क की हालत खस्ता है, सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, जिसमें चलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। स्कूलों में शिक्षक ही नहीं हैं, प्रदेश के हजारों स्कूल एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। स्कूल के भवन जर्जर हैं, जहां बच्चों पर जान का खतरा मंडराता रहता है। स्कूलों में न तो टायलेट का प्रबंध है और न ही बच्चों को साफ पानी पीने को मिलता है। वहीं प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं। स्वास्थ्य मंत्री के गृह क्षेत्र धर्मपुर के अस्पताल में स्थायी डॉक्टर ही नहीं है। जब स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र के अस्पताल का यह हाल है तो प्रदेश का क्या हाल होगा, अंदाजा लगाया जा सकता है। सोलन के जिला अस्पताल में डॉक्टर कम हैं। मशीने हमेशा खराब रहती हैं, जिससे मरीजों के टेस्ट नहीं होते हैं। प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टर नहीं मिलते। इसके साथ ही टेस्ट की सुविधा नहीं है और दवाइयां भी नहीं मिलती। जयराम सरकार प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधा देने में पूरी तरह नाकाम है। सुरजीत ठाकुर ने हिमाचल की जनता से अपील की है कि चुनावों के समय भाजपा और कांग्रेस के नेता बड़े-बड़े वायदे करेंगे, जो बाद में जुमले साबित होंगे। हिमाचल की जनता भाजपा और कांग्रेस के जुमलों पर भरोसा न करे। अभी तक भाजपा और कांग्रेस ने कुछ नहीं दिया है। अब चुनावों के समय बिजली फ्री, पानी फ्री, महिलाओं को भत्ता, कर्मचारियों को पेंशन देने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस व भाजपा की सरकारों ने प्रदेश को करोड़ों के कर्ज में डुबा दिया और जनता को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पाए हैं। भाजपा और कांग्रेस को सत्ता चाहिए। यह लोगों को धर्म के नाम पर , वर्ग के नाम पर बांटकर सत्ता हथियाने का प्रयास करेंगे। हिमाचल की जनता इनकी बातों से गुमराह न हो। आगामी चुनावों में एक मौका आम आदमी पार्टी को दें। हिमाचल में आम आदमी पार्टी की ईमानदार सरकार बनने पर जनता को दी गई हर गारंटी को पूरा किया जाएगा।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक