Third Eye Today News

मंत्री पद पर सस्पेंस के बीच सुंदर सिंह ठाकुर की सफाई, बोले- कांग्रेस छोड़ने की खबरों का खंडन करता हूं

Spread the love

मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने को लेकर चर्चा में आए कुल्लू सदर के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कांग्रेस छोड़ने की खबरों का खंडन किया है। समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा कर स्थिति स्पष्ट की। विधायक ने कहा कि खबरों में यह दावा किया जा रहा है कि अगर उन्हें मंत्री पद नहीं मिला तो वह कांग्रेस छोड़ देंगे, लेकिन वह इस बात का खंडन करते हैं।सुंदर सिंह ठाकुर ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘खबरें कि अगर मंत्री पद न मिला तो कांग्रेस छोड़ दूंगा, का मैं खंडन करता हूं। आत्मसम्मान/भविष्य की रणनीति 11 दिसंबर बाद कार्यकर्ता तय करेंगे।’ पोस्ट के अंत में उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी साझा किया है।

समर्थकों के साथ बंद कमरे में हुई थी बैठक
इससे पहले बुधवार को सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लू के परिधि गृह में समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। बैठक में 100 से अधिक पोलिंग बूथों के अध्यक्षों सहित सैकड़ों वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने विधायक के सामने अपनी राय रखी थी। अधिकतर ने कहा था कि विधायक जो भी फैसला लेंगे, उन्हें मंजूर होगा। वहीं, कुछ समर्थकों ने उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर नाराजगी भी जताई थी। बैठक से पहले विधायक ने फेसबुक पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के आग्रह पर बैठक में शामिल होने की जानकारी दी थी। उन्होंने आत्मसम्मान और कुल्लू के विकास के लिए कुछ भी करने की बात कही थी। इसी संदेश के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम और कांग्रेस में बने रहने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।

11 दिसंबर के बाद तय होगी आगे की रणनीति
अब विधायक की नई फेसबुक पोस्ट ने इन अटकलों पर काफी हद तक स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने की खबरों को खारिज करते हुए भविष्य की रणनीति का फैसला कार्यकर्ताओं पर छोड़ने की बात कही है। खास बात यह है कि उन्होंने इस फैसले के लिए 11 दिसंबर के बाद का समय बताया है।

सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा लंबे समय से चल रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी सार्वजनिक मंचों पर उन्हें मंत्री बनाए जाने की इच्छा जता चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। मुख्यमंत्री के बयानों के बावजूद फैसला लंबित रहने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक