Third Eye Today News

खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र की मौत, रातभर लापता रही सात साल की बेटी सुबह सुरक्षित मिली

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद रातभर लापता रही सात वर्षीय बेटी सोमवार सुबह सुरक्षित मिल गई। मासूम के सकुशल मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय शिलाई में कार्यरत सोहन रविवार रात अपने निजी वाहन में बेटे और बेटी के साथ घर कामोटा जा रहे थे। इसी दौरान भटनोल के समीप उनका वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि सोहन और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद रातभर लापता रही मासूम
हादसे के बाद सोहन की सात वर्षीय बेटी का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों, ग्रामीणों और प्रशासन की ओर से रातभर बच्ची की तलाश की गई। सोमवार सुबह एसडीएम जसपाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों ने ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चलाया।काफी मशक्कत के बाद बच्ची पास के दूसरे गांव में एक खेत में सुरक्षित मिली। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बच्ची रात के समय घटनास्थल से अपने घर की ओर निकल पड़ी थी, लेकिन रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई।                         पिता-पुत्र की मौत से क्षेत्र में मातम
इस दर्दनाक हादसे ने शिलाई और आसपास के क्षेत्रों को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, रातभर लापता रही मासूम बेटी के सुरक्षित मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत महसूस की है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक