फोर्ब्स ने दुनिया के टॉप-20 लोगों में कन्हैया कुमार और प्रशांत किशोर को दी जगह

दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन फोर्ब्स में कन्हैया कुमार और प्रशांत किशोर को 2020 के विश्व के टॉप-20 शक्तिशाली लोगों की सूची में जगह मिली है। कन्हैया 12वें तो प्रशांत 16वें पायदान पर हैं। फोर्ब्स ने दोनों के बारे में कहा कि ये युवा नेता आगामी दशक में प्रमुख भूमिका निभा सकते हैं।

फोर्ब्स ने कन्हैया कुमार के बारे में लिखा है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 32 वर्षीय नेता कन्हैया कुमार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति का चेहरा उस समय बन गये, जब 2016 में देशद्रोह के आरोपों का जवाब दिया था। उन्होंने जेएनयू से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है।
बिहार के बेगूसराय निर्वाचन क्षेत्र से सीपीआई के टिकट पर साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पहली लड़ाई लड़ी। हालांकि, वह बीजेपी के गिरिराज सिंह से 4.2 लाख वोटों से हार गये, लेकिन वह 22.03 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रहे। वह भविष्य में भारतीय राजनीति में शक्तिशाली पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रशांत किशोर के बारे में मैगजीन ने लिखा है कि 42 वर्षीय प्रशांत किशोर साल 2011 से एक राजनीतिक रणनीतिकार हैं। उन्होंने भाजपा को गुजरात विधानसभा चुनाव जीतने में मदद की। प्रशांत किशोर अब संगठन के संरक्षक के रूप में कार्य करते हैं। साल 2019 में I-PAC ने तेलंगाना में वाईएसआर जगन मोहन रेड्डी और महाराष्ट्र में शिवसेना के लिए रणनीतिक अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
चुनाव जीतने में दोनों पार्टियों को फायदा हुआ। प्रशांत किशोर तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 2020 में सलाह दे रहे हैं। एक को छोड़ कर, I-PAC ने उन सभी अभियानों को जीत लिया है, जिनमें राजनीतिक दलों के लिए उन्होंने रणनीति तैयार की है। उन्होंने पूरी भारतीय राजनीतिक रणनीतिक पारिस्थितिकी तंत्र को बदल दिया है।

कन्हैया कुमार और प्रशांत किशोर के अलावा पांच भारतीयों को भी इस सूची में स्थान मिला है। इसके साथ ही इनमें भारतीय मूल के यूरोप निवासी आर्सेलर मित्तल के ग्रुप सीएफओ व सीईओ, गोदरेज परिवार, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शेफ भारतीय मूल की गरिमा अरोड़ा भी शामिल हैं। इस मैगजीन में पहले स्थान पर अमेरिका के राजनीतिक टिप्पणीकार व कॉमेडियन हसन मिन्हाज हैं।

