फिर उठी रिज मैदान पर स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के मौके पर स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस कार्यालय शिमला में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री और उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने एक बार फिर रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि जहां तक राष्ट्र स्तर के नेताओं की बात है तो वीरभद्र सिंह भी राष्ट्रीय स्तर के नेता थे। उन्होंने राष्ट्र को भी अपनी सेवाएं दी। ऐसे में रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता उनकी प्रतिमा को रिज मैदान पर देखना चाहती है।