Third Eye Today News

पुरानी तस्वीर साझा कर राजनीतिक अपरिपक्वता का परिचय दे रहे विक्रमादित्य सिंह : अरुष गुप्ता

Spread the love

हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य (आईटी विभाग) एवं संगठनात्मक जिला महासू के आईटी प्रभारी अरुष गुप्ता ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की एक पुरानी तस्वीर को लेकर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने मंत्री पर तथ्यों की अनदेखी कर राजनीतिक बयानबाजी करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

अरुष गुप्ता ने कहा कि एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री से अपेक्षा की जाती है कि वे जनता के सामने तथ्यों को सही तरीके से प्रस्तुत करें, लेकिन विक्रमादित्य सिंह ने वर्ष 2021 की डॉ. राजीव बिंदल की पुरानी तस्वीर फेसबुक पर साझा कर अपनी राजनीतिक अपरिपक्वता और तथ्यों के प्रति अनभिज्ञता का परिचय दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और डॉ. राजीव बिंदल नाहन विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे।

मंत्री पर कटाक्ष करते हुए गुप्ता ने कहा, “अरे मंत्री जी, आखिर यह क्या कर रहे हैं आप? कांग्रेस नेताओं की यह पुरानी आदत बन चुकी है कि बिना सोचे-समझे और तथ्यों की जांच किए हर मुद्दे पर बयानबाजी शुरू कर दी जाती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में दूसरों के विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। जहां भी कोई विकास कार्य दिखाई देता है, वहां कांग्रेस नेता अपना ठप्पा लगाने की कोशिश करने लगते हैं।

गुप्ता ने कहा कि बिना सच्चाई जाने भ्रामक बातें फैलाना और फिर उन्हें राजनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने की ऐसी कोशिशें अधिक समय तक सफल नहीं हो सकतीं, क्योंकि जनता सब जानती और समझती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की कार्यशैली की सराहना करते हुए अरुष गुप्ता ने कहा कि उनका राजनीतिक अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण बेहद व्यापक है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि पहले डॉ. बिंदल के समान जनसेवा करके और जनता का विश्वास जीतकर दिखाएं, उसके बाद उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाएं।

अंत में गुप्ता ने तीखे शब्दों में कहा कि राजनीतिक कद और जनसेवा के मामले में विक्रमादित्य सिंह, डॉ. राजीव बिंदल के नाखून के बराबर भी नहीं हैं। उन्होंने मंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए पुरानी तस्वीरों के सहारे राजनीतिक माहौल बनाने के बजाय उन्हें धरातल पर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। यदि मंत्री वास्तव में विकास और जनता के हितों के प्रति गंभीर हैं, तो उन्हें भ्रामक प्रचार के बजाय अपने काम के दम पर जनता के बीच जाना चाहिए।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक