Third Eye Today News

पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस और कांग्रेस सरकार को नकारा : डॉ. बिंदल

Spread the love

” 28 लाख महिलाओं को चार साल का ₹72 हजार देना ही पड़ेगा, कांग्रेस ने माताओं-बहनों के साथ किया धोखा”

अर्की/सोलन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनाव में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया है। प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद के चुनावों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों की प्रचंड जीत ने कांग्रेस सरकार के प्रति जनता के अविश्वास को स्पष्ट कर दिया है।

डॉ. बिंदल आज अर्की में आयोजित भाजपा जनप्रतिनिधि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस सरकार को जनता ने चुनावी जनादेश से दिखाया आईना

डॉ. बिंदल ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में भाजपा ने पूरे प्रदेश में शानदार जीत हासिल की है। प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद के चुनावों में मिली प्रचंड सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से निराश और असंतुष्ट है। जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से कांग्रेस और कांग्रेस सरकार के प्रति अपना अविश्वास स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस को अब जनता के इस फैसले को समझना चाहिए।

28 लाख महिलाओं के ₹72 हजार के अधिकार से मुंह नहीं मोड़ सकती कांग्रेस सरकार

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले हर महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज यह गारंटी पूरी तरह झूठी साबित हुई है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की माताओं और बहनों को झूठा वादा करके ठगा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को चार साल का 72 हजार रुपये देना ही पड़ेगा। प्रदेश की 28 लाख बहनों को उनका अधिकार चाहिए। धर्मशाला में आयोजित महिला अधिकार धरने में उमड़ी महिलाओं की आवाज ने कांग्रेस सरकार को सचेत कर दिया है। सरकार महिलाओं के अधिकारों से बच नहीं सकती और उसे अपने वादे का जवाब देना ही होगा।

पांच लाख युवाओं को पक्की नौकरी देने की गारंटी कहां गई?

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार को युवाओं से किए वादे की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के पांच लाख युवाओं को पक्की नौकरी देने की गारंटी दी थी। आज प्रदेश का युवा सरकार से सवाल पूछ रहा है कि कहां है 58 साल वाली पक्की नौकरी? चुनावों के समय युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार अपनी ही गारंटियों को पूरा नहीं कर पाई। युवाओं के भविष्य के साथ किया गया यह वादा आज कांग्रेस सरकार के लिए बड़ा सवाल बन चुका है।

बिजली के बिलों का करंट मार रही कांग्रेस सरकार, जनता परेशान

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश की जनता को बिजली के बिलों का करंट लग रहा है। बिजली उपभोक्ताओं को इतने अधिक बिल आ रहे हैं कि आम आदमी परेशान और दुखी है। जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और लोग कांग्रेस सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। सरकार जनता को राहत देने के बजाय उसकी परेशानियां बढ़ा रही है।

भाजपा का कार्यकर्ता दुनिया का विलक्षण कार्यकर्ता

भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता दुनिया का सबसे विलक्षण कार्यकर्ता है। वह दिन-रात राष्ट्रीय हित में मेहनत करता है। एक ओर संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर काम करता है, वहीं दूसरी ओर जनसेवा के कार्यों में भी सदैव तत्पर रहता है। भाजपा की चुनावी सफलताओं के पीछे कार्यकर्ताओं का परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा है।

2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ता तैयार, कांग्रेस की विदाई तय

डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार है। प्रदेश में जब भी विधानसभा चुनाव होंगे, भाजपा के कार्यकर्ता पंचायती राज चुनावों की तरह ही विधानसभा चुनावों में भी प्रचंड जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता का समर्थन और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि 2027 में कांग्रेस की विदाई तय है और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक