दरवाजा देर से खोला तो DSP ने पत्नी पर चला दी गोली

पंजाब पुलिस में तैनात डीएसपी अतुल सोनी के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी सुनिता सोनी पर गोली चलाकर जान लेने की कोशिश की। मौके पर खड़े सोनी के बेटे ने अपनी मां को धक्का देकर उनकी जान बचाई। यह घटना बीते शनिवार की है। दरअसल, डीएसपी अतुल देर रात करीब ढाई बजे पार्टी से घर लौटे थे। इस दौरान पत्नी ने काफी देर बाद दरवाजा खोला। इस बात से डीएसपी अतुल सोनी इतने खफा हो गए कि उन्होंने पत्नी पर फायरिंग कर दी।
हमले के बाद डीएसपी की पत्नी सुनिता ने मोहाली के थाना फेज-8 में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अतुल सोनी ने गोली अपनी सर्विस रिवाल्वर से नहीं बल्कि अवैध रिवॉल्वर से चलाई है। सोनी की पत्नी ने पंजाब पुलिस को घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और कारतूस भी सौंप दिया है। हालांकि डीएसपी अतुल सोनी अभी फरार चल रहे हैं। बता दें कि डीएसपी अतुल सोनी शुरू से ही विवादों में रहे हैं। साल 2012 में उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। वहीं साल 2013 में उनके खिलाफ फिरौती और किडनैपिंग का मामला दर्ज हुआ था।

