Third Eye Today News

एन.एस.एस शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करने में सहायक- संजय अवस्थी

Spread the love


अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर प्रदान करती है। संजय अवस्थी अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी के पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस) के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व शिविर के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
शिविर में सोलन और सिरमौर ज़िलों के विभिन्न विद्यालयों के एनएसएस से जुड़े 254 छात्र एवं छात्रा स्वयं सेवकों ने भाग लिया।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वह शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं ज्ञान को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपना योगदान दें।
विधायक ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से युवा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रहरी बन कर समाज को इस दिशा में जागरूक करने में अग्रणी बनने चाहिएं और नशे जैसे ज़हर से स्वंय और अपने साथियों को सुरक्षित रखने में सहायक हों ताकि देश एवं प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके।
संजय अवस्थी ने युवाओं से आग्रह किया कि शिविर में आत्मसात किए गए गुणों को अपने जीवन में उतारें और जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने में इन गुणों को सहायक बनाएं।


उन्होंने पूर्व-गणतंत्र दिवस परेड के लिए यहां से चयनित 50 स्वयं सेवकों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवकों का इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए चयनित होना उनके कड़े परिश्रम, अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचायक है। उन्होंने सभी चयनित स्वयं सेवकों को परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने पूर्व-गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित स्वयं सेवकों को सम्मानित भी किया।
संजय अवस्थी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के मार्च पास्ट का निरीक्षण किया तथा सलामी ली।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
उन्होंने विद्यालय में बास्केटबॉल मैदान के लिए 3.30 लाख रुपए, मुख्य सड़क से विद्यालय तक सम्पर्क मार्ग में इंटरलॉकिंग टाइल लगाने के लिए 5.50 लाख रुपए स्वीकृत किए तथा आयोजन समिति को 21 हज़ार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
विधायक ने कार्यक्रम के उपरांत स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी से तुलसीराम शर्मा, बाबूराम बंसल, देशराज, जय शर्मा, पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी के प्रधानचार्य लच्छी राम ठाकुर, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टेकचन्द शर्मा, राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय लोग तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थेे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक