हमने चार साल में वो कार्य किए जो कांग्रेस की सोच से परे थे: मुख्यमंत्री
मंडी संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को मंडी के बग्गी में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए ये खुशी की बात है कि हमें एक सच्चा और ईमानदार व्यक्ति प्रत्याशी के रूप में मिला है। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर वो हैं जिन्होंने कारगिल की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल ने रफ्तार जरूर रोकी लेकिन प्रदेश में विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया गया। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 100 करोड़ के ज्यादा के विकास कार्य हुए हैं। मंडी जिले में भी सैकड़ों करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मंडी में चल रहे कार्य भी गिनवाए।
‘चार साल में वो कार्य किए जो कांग्रेस की सोच से परे थे’
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं और कहा कि कांग्रेस ने कभी भी गरीब व्यक्ति के लिए नहीं सोचा, उन्हें केवल सत्ता चाहिए होती है। हमने सत्ता में आने के बाद चार साल में वो कार्य किए जो कांग्रेस की सोच से परे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता आज कोरोना को लेकर सवाल पूछते हैं। 50 साल सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। इतने साल सत्ता में रहने के बावजूद केवल दो ऑक्सीजन प्लांट हिमाचल में थे। आज प्रदेश में करीब 30 ऑक्सीजन प्लांट हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपना हिसाब-किताब देने के लिए भी तैयार हैं।
मुख्यमंत्री ने महंगाई को लेकर भी कांग्रेस पर निशना साधा। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेता महंगाई बढ़ने की दुहाई देते हैं। महंगाई बढ़ने की वजह कांग्रेस है। महंगाई इसलिए बढ़ी क्योंकि कुछ लोगों ने इस देश को लूटने के लिए लाखों करोड़ रुपये के घोटाले किए। इन घोटालों के लिए कांग्रेस के कई नेता आज भी सलाखों के पीछे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बदले की भावना से काम किया। हमने अपर हिमाचल और लोअर हिमाचल का झगड़ा खत्म किया। हमने हरी टोपी, लाल टोपी की राजनीति खत्म की। हमने कहा टोपी हिमाचल की पहचान है। ये हमारी संस्कृति है, इसपर राजनीति कैसी।


