Third Eye Today News

सेना पर टिप्पणी के लिए माफी मांगें और इस्तीफा दें जगत सिंह नेगी : सुशील कड़शोली

Spread the love

शिमला, 24 नवंबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा शिमला के सीटीओ चौक पर कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने जगत सिंह नेगी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

सुशील कड़शोली ने कहा कि जिस प्रकार जगत सिंह नेगी ने विधानसभा में भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर टिप्पणी की है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है। ऐसे में सेना की वीरता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणियां किसी भी जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देतीं।

कड़शोली ने कहा कि जगत सिंह नेगी अपने बयानों में राजनीतिक मर्यादा और संयम खो चुके हैं। उन्हें अपनी टिप्पणी के लिए देशवासियों और भारतीय सेना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा नैतिकता के आधार पर तत्काल मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान जगत सिंह नेगी का पुतला दहन करने को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई और सीटीओ चौक पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुतला दहन रोकने के दौरान पुलिस द्वारा अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंगुइशर) का भी प्रयोग किया गया।

सुशील कड़शोली ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार युवा मोर्चा के विरोध प्रदर्शनों से घबरा गई है और सरकारी दबाव में पुलिस प्रशासन के माध्यम से कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इस अधिकार का दमन करना अत्यंत निंदनीय है।

कड़शोली ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा पुलिस की कार्रवाई और सरकार के दबाव से डरने वाला नहीं है। जब तक जगत सिंह नेगी अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और मंत्री पद से इस्तीफा नहीं देते, युवा मोर्चा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक