हिमाचल प्रदेश के विधानसभा परिसर तपोवन से करीब एक किलोमीटर दूर जोरावर स्टेडियम में मंगलवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने इन्हें रोक दिया। इस दौरान युकां कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसमें कई पुलिस कर्मियों व युकां कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। एक महिला पुलिस कर्मी भी घायल हुई है। धक्कामुक्की के दौरान एक युकां कार्यकर्ता बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। घायल को एंबुलेंस में अस्पताल भेजा गया। इस दौरान काफी देर तक युकां कार्यकर्ताओं व पुलिस के भी गतिरोध बना रहा। युकां कार्यकर्ता विधानसभा घेराव पर अड़े रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
