पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी गिरफ्तार:2003 के कबूतरबाजी केस में 2 साल कैद की सजा बरकरार; पटियाला जेल भेजा जाएगा……
मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दलेर मेहंदी पर 2003 में कबूतरबाजी का केस दर्ज हुआ था। इसमें उन्हें पहले 2 साल कैद हुई थी। सजा को उन्होंने पटियाला के सेशन कोर्ट में चुनौती दी थी। वहां भी सजा बरकरार रहने की वजह से उन्हें गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दलेर को अब सजा काटने के लिए पटियाला सेंट्रल जेल भेजा जाएगा। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू भी इसी जेल में बंद हैं।




ट्रायल कोर्ट ने सुनाई थी सजा
दलेर मेहंदी के खिलाफ 2003 में केस दर्ज हुआ था। करीब 15 साल की सुनवाई के बाद 2018 में पटियाला की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें 2 साल कैद और 2 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई थी। सजा 3 साल से कम होने की वजह से दलेर मेहंदी को उसी वक्त जमानत मिल गई। इस केस में आरोपी बुलबुल मेहता को बरी कर दिया गया था। वहीं शमशेर सिंह और ध्यान सिंह की मौत हो चुकी है।
सेशन कोर्ट में खारिज हुई याचिका
दलेर ने ट्रायल कोर्ट की सजा के फैसले को पटियाला सेशन कोर्ट में चुनौती दी थी। इसकी सुनवाई के दौरान गुरुवार को एडिशनल सेशन जज एचएस ग्रेवाल ने दलेर की याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद वहीं से दलेर को गिरफ्तार कर लिया गया।



