जिला के बाद राज्य और राष्ट्रीय लक्ष्य पर भूपिन की नजर

परवाणू के बैडमिंटन खिलाड़ी एवं कोच भूपिन शर्मा लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर आगे बढ़ रहे हैं। सोलन जिला मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार खेल दिखाकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने के बाद अब उनका अगला पड़ाव कुल्लू में आयोजित स्टेट चैंपियनशिप है। यहां बेहतर स्थान मिलने पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता गोवा में खेलने का अवसर मिलेगा। भूपिन का स्पष्ट लक्ष्य भारत के लिए खेलते हुए तिरंगा फहराना है।
इससे पहले भूपिन ने चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पांचवें महाराजा अग्रसेन प्राइज मनी मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में मिक्स्ड डबल्स वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता था। इस स्पर्धा में उनकी जोड़ी मध्य प्रदेश की खिलाड़ी मोनिका चौहान के साथ रही, जहां दोनों ने बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया। भूपिन शर्मा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया से प्रशिक्षित हैं और वर्तमान में परवाणू में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में 40 से अधिक गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक जीते हैं। हाल ही में खिलाड़ियों ने उन्हें सम्मानित कर आभार भी जताया। भूपिन का कहना है कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन और सकारात्मक दिशा देता है। उनका प्रयास है कि स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहचान दिलाई जाए। उनकी इस जीत पर स्थानीय लोगों ने उन्हें फेसबुक व फोन के माध्यम से बधाई दी एवं भविष्य के लिए शुभकामनायें दी।
![]()

