RBI डिप्टी गवर्नर एनएस विश्वनाथन ने दिया इस्तीफा, 1 साल के भीतर तीसरे उच्च अधिकारी ने छोड़ा पद

रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एनएस विश्वनाथन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कार्यकाल पूरा होने से 3 महीने पहले ही उन्होंने अपना पद छोड़ दिया है। करीब 1 साल के भीतर यह तीसरी बार है जब आरबीआई के किसी उच्च अधिकारी ने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही अपने पद को छोड़ा है। एन एस विश्वनाथन आरबीआई के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। हालांकि आरबीआई ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है की एन एस विश्वनाथन ने ऐसा कोई फैसला लिया है। यानी कि अभी भी आधिकारिक तौर पर एनएस विश्वनाथन अपने पद पर कार्यरत हैं।

बतौर डिप्टी गवर्नर एन.एस. विश्वनाथन को बैंकिंग रेगुलेशन, कॉपरेटिव बैंकिंग, नॉन बैंकिंग रेगुलेशन, डिपॉजिट इंश्योरेंस, फाइनेंशियल स्टेबिलिटी और इंस्पेक्शन की जिम्मेदारी दी गई थी। एन एस विश्वनाथन के ही निर्देश पर आरबीआई, एनबीएफसी को बेल आउट देने के विरोध में अपने कदम पर कायम रही। विश्वनाथन पूर्व आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल के समर्थक माने जाते हैं। बता दे एन एस विश्वनाथन से पहले गवर्नर उर्जित पटेल ने दिसंबर 2018 और डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य ने जून 2019 में RBI में अपना पद छोड़ दिया था।



