Third Eye Today News

आत्मनिर्भर हिमाचल के नाम पर जनता पर बढ़ता आर्थिक बोझ, सरकारी राशन भी हुआ महंगा : राकेश जमवाल

Spread the love

शिमला, 28 नवंबर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा सरकारी राशन डिपुओं में खाद्य सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी के निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर हिमाचल की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार के निर्णयों से आम जनता की जेब पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। आत्मनिर्भरता का अर्थ प्रदेश के संसाधनों और आय में वृद्धि होना चाहिए, न कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का बजट बढ़ाना।

जमवाल ने कहा कि पहली दिसंबर से सरकारी राशन डिपुओं में एपीएल परिवारों के लिए चावल 13 से बढ़ाकर 15 रुपये और आटा 12 से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत आने वाले परिवारों के लिए चीनी 13 से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। यानी चीनी की कीमत में लगभग 54 प्रतिशत, आटे में 21 प्रतिशत और चावल में 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। सामान्य एपीएल परिवारों के लिए भी चीनी दो रुपये प्रति किलो महंगी कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2023 से सितंबर 2026 के बीच सरकारी डिपुओं में एपीएल श्रेणी के लिए चना दाल की कीमत में 34 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि दर्ज की गई। सोया रिफाइंड तेल की कीमत भी 104 रुपये से बढ़कर 135 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है। अब आटा, चावल और चीनी की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है।

प्रदेश के लगभग 19.50 लाख राशन कार्डधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को बताना चाहिए कि उसकी आर्थिक नीतियों का आम परिवारों के जीवन पर कितना प्रभाव पड़ रहा है। क्या हिमाचल में जीवनयापन की बढ़ती लागत का सरकार ने कोई तुलनात्मक अध्ययन करवाया है? कहीं ऐसा तो नहीं कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण हिमाचल देश के सबसे महंगे राज्यों में शामिल होने की दिशा में बढ़ रहा है?

जमवाल ने कहा कि डिपो संचालकों का कमीशन 50 से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल करना उचित है, लेकिन सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उपभोक्ताओं से प्राप्त होने वाले अतिरिक्त राजस्व का कितना हिस्सा राशन की सब्सिडी पर खर्च किया जाएगा।

उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार राशन की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस ले और दिसंबर 2022 से अब तक सरकारी राशन, बिजली, पानी, परिवहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की दरों में हुई बढ़ोतरी का विस्तृत विवरण जनता के समक्ष रखे। आत्मनिर्भर हिमाचल की नीति में आम नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक