आपातकाल लगाकर संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है : सुरेश भारद्वाज
संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का आधार : अजय वैद्य
शिमला, 26 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के विधि प्रकोष्ठ द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर वाइब्रेशन हॉल, गंज बाजार, शिमला में संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक अजय वैद्य ने की, जबकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित विधि प्रकोष्ठ के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा, सह संयोजक रमा ठाकुर एवं प्यार सिंह कंवर, प्रदेश सह कार्यालय सचिव प्रेम ठाकुर, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट तथा उच्च न्यायालय के अधिवक्ता युद्धवीर ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय वैद्य ने भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संविधान सभा के अथक परिश्रम और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में लगभग तीन वर्षों में भारतीय संविधान तैयार हुआ। 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार किया गया तथा 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। मूल संविधान में 395 अनुच्छेद और आठ अनुसूचियां थीं।

