Third Eye Today News

संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने वाली कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च हास्यास्पद : रणधीर शर्मा

Spread the love

शिमला, 26 नवंबर। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने संविधान दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी विद्वानों एवं महापुरुषों को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान हमें अनेक अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा भी देता है। संविधान के कारण ही देश के प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी सरकार चुनने का अधिकार प्राप्त है। हमारा संविधान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करने के साथ अपने कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

रणधीर शर्मा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल समय-समय पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं, चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के विरुद्ध आंदोलन खड़ा करते हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, आज उन्हीं दलों द्वारा संविधान रक्षा मार्च निकालना हास्यास्पद है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को संविधान की रक्षा का पाठ पढ़ाने के बजाय स्वयं संविधान के अनुरूप आचरण करने की आवश्यकता है। संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना और अपनी पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करना भी कांग्रेस की जिम्मेदारी है।

भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संविधान के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, देश का स्वाभिमान बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान को कोई खतरा नहीं है और कांग्रेस को संविधान के नाम पर राजनीतिक दिखावा करने से बचना चाहिए।

रणधीर शर्मा ने संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री संविधान दिवस के महत्वपूर्ण कार्यक्रम से दूर रहे। मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति कांग्रेस की कथनी और करनी पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता केवल बयानों और मार्च तक सीमित रखने के बजाय अपने आचरण में भी प्रदर्शित करनी चाहिए। उन्होंने पुनः समस्त प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक