Third Eye Today News

संविधान दिवस पर उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई शपथ

Spread the love

उपायुक्त कार्यालय शिमला की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर बचत भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई तथा भारतीय संविधान के महत्व, इसके मूल आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

अनुपम कश्यप ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों और दायित्वों का निर्वहन संविधान की भावना के अनुरूप करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी, 1950 को इसे लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति सम्मान एवं प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था को संचालित करने वाला कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतिबिंब भी है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के मूल आधार हैं। यह हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। संविधान में निहित मूल्यों को अपने निर्णयों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रत्येक पहलू में शामिल करना, विधि के शासन को सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक नागरिक के प्रति निष्पक्षता, संवेदनशीलता और समान व्यवहार बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, जिला योजना अधिकारी निवेदिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक