Third Eye Today News

प्रदेश को 50 वर्ष पीछे धकेलने पर तुली कांग्रेस सरकार – अरुष गुप्ता

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (आईटी विभाग) एवं संगठनात्मक ज़िला महासू के आईटी प्रभारी अरुष गुप्ता ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा कटाक्ष करते हुए इसे इतिहास की सबसे विफ़ल और जनविरोधी सरकार करार दिया है। मिल्कफ़ेड द्वारा सरकारी दूध के दामों में ₹4 प्रति लीटर की सीधी बढ़ोतरी और सीमेंट के क्लिंकर पर नया सेस लगाने के निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के नाम पर पूरे हिमाचल में केवल ‘महंगाई परिवर्तन’ लागू किया है।

अरुष गुप्ता ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे और गारंटियां देने वाली कांग्रेस सरकार आज आम आदमी की थाली और सिर की छत दोनों पर डाका डाल रही है। एक ओर मिल्कफ़ेड ने दूध के दाम ₹4 प्रति लीटर बढ़ाकर बच्चों और गरीब परिवारों के मुंह से पौष्टिक आहार छीनने का काम किया है, तो दूसरी ओर क्लिंकर पर ₹25 प्रति टन तक नया पर्यावरण सेस लगाकर सीमेंट की कीमतों में आग लगाने की तैयारी कर ली है। पहले ही हिमाचल में सीमेंट पड़ोसी राज्यों की तुलना में महंगा है और अब इस तुग़लक़ी टैक्स के बाद आम आदमी का अपना घर बनाने का सपना भी चकनाचूर हो जाएगा।

प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति पर सरकार को घेरते हुए अरुष गुप्ता ने कहा कि सुक्खू सरकार ने कुप्रबंधन और कर्ज़खोरी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कैग की रिपोर्ट और सरकारी आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि प्रदेश पर कुल ऋण और देनदारियों का बोझ ₹1 लाख 4 हज़ार करोड़ के पार पहुंच चुका है। केवल पिछले वित्त वर्ष (2025-26) में ही सरकार ने ₹41,000 करोड़ से अधिक का भारी-भरकम ऋण उठाया है, लेकिन धरातल पर विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगी है। सरकार का लगभग 80 प्रतिशत बजट केवल ऋण चुकाने, ब्याज़ भरने और अपने मित्रों की फ़ौज को पालने में खर्च हो रहा है।

उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों और बेतहाशा ऋण लेने की प्रवृत्ति ने देवभूमि हिमाचल को विकास की दौड़ में 50 वर्ष पीछे धकेल दिया है। हर मोर्चे पर विफ़ल साबित हो चुकी यह सरकार जनता पर टैक्स और महंगाई का बोझ लादकर प्रदेश को आर्थिक दिवालियेपन की कगार पर ले आई है। भाजपा इस जनविरोधी निर्णय का पुरज़ोर विरोध करती है और मांग करती है कि दूध की बढ़ी हुई कीमतों तथा क्लिंकर पर लगाए गए अतिरिक्त सेस को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए, अन्यथा भाजपा सड़कों पर उतरकर इस गूंगी-बहरी सरकार के विरुद्ध निर्णायक आंदोलन छेड़ेगी।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक