समरसता संकल्प यात्रा का परवाणू और कुमारहट्टी में भव्य स्वागत, 250 कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन : डॉ. सिकंदर कुमार
सोलन/कुमारहट्टी, 23 नवंबर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का हिमाचल प्रदेश में भव्य स्वागत हुआ। यात्रा के परवाणू पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। इसके बाद कुमारहट्टी में लगभग 250 कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। पुष्पवर्षा, जयघोष और संत रविदास जी के संदेशों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया।
यात्रा में शामिल दो भव्य सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रथों पर स्थापित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, दिल्ली के विधायक गजेंद्र, भाजपा जिला अध्यक्ष रतन पाल, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, मदन मोहन मेहता, यशपाल ठाकुर, सुनंदर ठाकुर, राम नरेंद्र ठाकुर और सुनील कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम के लिए प्रस्तावित वक्तव्य में कहा गया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी भारतीय समाज के महान संत, समाज सुधारक और मानवता के मार्गदर्शक थे। उन्होंने उस दौर में सामाजिक समानता, प्रेम, सद्भाव और जातिगत भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना प्रस्तुत की, जब समाज में अनेक प्रकार की कुरीतियां व्याप्त थीं। उनकी वाणी ने समाज को यह संदेश दिया कि मनुष्य की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, विचार और आचरण से निर्धारित होती है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प अभियान उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। संत रविदास जी का जीवन समाज को जोड़ने, कमजोर वर्गों के सम्मान और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने अपने संपूर्ण जीवन में सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और ऊंच-नीच की मानसिकता के विरुद्ध आवाज उठाई। उनका संदेश किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता ही सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला है।
कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक अनुसूचित जाति समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखा। उन्होंने कहा कि आज जब भाजपा संत रविदास जी के विचारों को लेकर समाज के बीच जा रही है, तो कांग्रेस इसे चुनावी राजनीति बताकर इस अभियान के उद्देश्य पर सवाल उठा रही है।

