Third Eye Today News

कसौली में दो दिवसीय वुडबॉल टूर्नामेंट एवं ट्रायल्स का भव्य समापन

Spread the love

राष्ट्रीय वुडबॉल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, हिमाचल प्रदेश की टीम के चयन हेतु प्रतिभाओं को मिला मंच
कसौली, 15 नवंबर 2026।
हिमाचल प्रदेश वुडबॉल एसोसिएशन द्वारा कसौली स्थित कासाैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में आयोजित दो दिवसीय वुडबॉल टूर्नामेंट एवं चयन ट्रायल्स का आज उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। 14 एवं 15 नवंबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और प्रदर्शन का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता का आयोजन आगामी राष्ट्रीय वुडबॉल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम के चयन के उद्देश्य से किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजेश दलाल, चेयरमैन, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि वुडबॉल जैसे उभरते खेलों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। हिमाचल प्रदेश में खेलों की अपार संभावनाएं हैं और ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. संजीव मैनरा, सीईओ, कासौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल एवं आयोजन सचिव ने कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व और सम्मान का विषय है कि उसे राज्य स्तरीय वुडबॉल प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल्स की मेजबानी का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं और विद्यार्थियों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालय भविष्य में भी खेलों एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस अवसर पर श्री हीरा ठाकुर, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं श्रीमती पूनम ठाकुर, प्रिंसिपल, किप्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी तथा राष्ट्रीय वुडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाली हिमाचल प्रदेश की टीम को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के लिए सदैव तत्पर है।
वुडबॉल एसोसिएशन के महासचिव श्री ललित कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वुडबॉल खेल को लोकप्रिय बनाने तथा नई प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए एसोसिएशन निरंतर प्रयासरत है। इस टूर्नामेंट के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिला है। एसोसिएशन का लक्ष्य प्रदेश में वुडबॉल का व्यापक विस्तार करना तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध करवाना है।


हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश की ज्वाइंट कमिश्नर गाइड्स सुश्री नैंसी हांडा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों, खेल अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई तथा राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम को सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस प्रकार दो दिवसीय आयोजन का समापन खेल भावना, आपसी सहयोग, अनुशासन और वुडबॉल खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
फोटो कैप्शन: विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन श्री राजेश दलाल एवं वुडबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक