हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब खरीदने पहुंचे। उन्होंने इसे सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक सफर को उनकी अपनी जुबानी जानने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही युवा पीढ़ी से देश के प्रमुख नेताओं के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी केवल कांग्रेस पार्टी की नेता ही नहीं, बल्कि देश की वरिष्ठ और प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं। उनके जीवन और राजनीतिक सफर के बारे में अब तक ज्यादातर जानकारियां मीडिया संस्थानों, पत्रकारों और जीवनी लेखकों के माध्यम से सामने आती रही हैं। यह पहली बार है जब उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन और अनुभवों को किताब के माध्यम से खुद प्रस्तुत किया है।
इटली से भारत आने और राजनीतिक सफर तक का जिक्र
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि किताब में सोनिया गांधी के इटली में शुरुआती जीवन से लेकर भारत आने और गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक के सफर को शामिल किया गया है। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के साथ उनके पारिवारिक जीवन के अनुभवों का भी जिक्र है। उन्होंने कहा कि किताब में सोनिया गांधी के राजनीति में प्रवेश और देश की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी समझने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले को बताया उल्लेखनीय
विक्रमादित्य सिंह ने सोनिया गांधी की ओर से वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में सर्वोच्च पद तक पहुंचने के बावजूद प्रधानमंत्री पद छोड़ने का उनका निर्णय उल्लेखनीय रहा है। उनके अनुसार, सोनिया गांधी के जीवन में देश के लिए किए गए त्याग, संघर्ष और व्यक्तिगत अनुभवों को उनकी अपनी जुबानी पढ़ना महत्वपूर्ण होगा।
20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक