Third Eye Today News

शिमला पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 8 आदतन नशा तस्कर तीन महीने के लिए भेजे कंडा जेल

Spread the love

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बार-बार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए आठ आदतन तस्करों को PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के तहत तीन महीने के लिए निरुद्ध किया है। सभी को मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। इस कार्रवाई के साथ ही वर्ष 2026 में इस कानून के तहत निरुद्ध किए गए लोगों की संख्या 51 पहुंच गई है। एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी दी

पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले तस्करों को दोबारा इस गतिविधि में सक्रिय होने से रोकने के लिए निवारक कार्रवाई की जा रही है। ताजा कार्रवाई में अमित लूथरा, सुनील कुमार, अत्तर सिंह, महेश ठाकुर, रुब्बल जडाइक, गोपी चंद, राजू चौहान और मोहित वर्मा को PIT-NDPS अधिनियम के तहत तीन माह के लिए निरुद्ध किया गया है।

इन सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से NDPS अधिनियम के तहत दो से चार मामले दर्ज हैं। सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी निरोध आदेशों के बाद इन्हें मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक शिमला पुलिस PIT-NDPS अधिनियम के तहत कुल 51 लोगों को निरुद्ध कर चुकी है। वहीं, वर्ष 2025 में इस कानून के तहत तीन लोगों पर कार्रवाई की गई थी, जबकि वर्ष 2024 और 2023 में किसी भी व्यक्ति को इसके तहत निरुद्ध नहीं किया गया था।

शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि आदतन अपराधियों को दोबारा इस अवैध कारोबार में शामिल होने से रोकने के लिए भी कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसका उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और युवाओं को नशे के जाल से बचाना है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक