दिवाली के लिए सुविधा: आज दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से 132 स्पेशल बसें चलाने की योजना
दिवाली के चलते शनिवार को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की 132 अतिरिक्त बसें चलेंगी। इनमें दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 बसें शामिल हैं। त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों की सुविधा के लिए निगम ने यह विशेष व्यवस्था की है। इससे पहले 6 नवंबर को भी इन तीनों स्थानों से प्रदेश के लिए 134 अतिरिक्त बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 बसें शामिल हैं। इसके अलावा ऑन डिमांड भी निगम बसें चलाएगा। जहां पर 35 से ज्यादा सवारियां होगी, पथ परिवहन निगम की ओर से बसें भेज दी जाएगी।दिवाली पर इस समय से एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दिवाली के दिन 8 नवंबर को शाम पांच बजे से 9 नवंबर सुबह आठ बजे तक एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी। इस दौरान प्रदेश के भीतर लोकल रूटों पर बसों का संचालन नहीं होगा। हालांकि, यात्रियों की सुविधा और मांग को देखते हुए 8 नवंबर को शाम पांच बजे से लंबी दूरी के महत्वपूर्ण रूटों पर विशेष बस सेवाएं चलाई जाएंगी। निगम की ओर से दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा सहित प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के लिए बसें संचालित की जाएंगी। इन बसों के माध्यम से दिवाली पर लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी। एचआरटीसी ने यात्रियों की आवाजाही और त्योहार के दौरान अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए बसों का यह शेड्यूल तैयार किया है।

