Third Eye Today News

एचपीवी अभियान के लिए गठित ज़िला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित

Spread the love

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान 28 फरवरी, 2026 से पूरे ज़िला सोलन में क्रियान्वित किया जाएगा। मनमोहन शर्मा आज यहां एचपीवी अभियान के लिए गठित ज़िला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मनमोहन शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत ज़िला के 22 स्वास्थ्य संस्थानों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 7,503 किशोरियों को (सिंगल डोज वैक्सीन) टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए है तथा यह टीका सुरक्षित है।


उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी अभियान तीन माह तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह टीका प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लगाया जाएगा। टीकाकरण का पंजीकरण और निगरानी यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को झुग्गी झोपड़ी में रह रही 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को भी इस अभियान में जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूल में पढ़ रही पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य संस्थानों तक टीका लगाने के लिए पहुंचाने व सहयोग करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए लगने वाले टीकों तथा बच्चों को पिलाई जाने वाली दवाओं पर विस्तृत चर्चा भी की गई।
डॉ. गगन दीप ने इससे पूर्व प्रस्तुतिकरण के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक