Third Eye Today News

शादी समारोह से लौट रही कार 300 फुट गहरी खाई में गिरी, एक की मौ.त

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के अंतर्गत सुजानपुर क्षेत्र में बीती शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ऊहल-टौणीदेवी मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुखद हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बारात से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कार (पंजीकरण संख्या HP-24-1876) में सवार सभी व्यक्ति ऊहल से भेरड़ा की ओर एक बारात में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सुजानपुर के कक्कड़ गांव के समीप पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान: झौखर गांव के रहने वाले 55 वर्षीय पूर्व सैनिक देशराज के रूप में हुई है, जिन्होंने दुर्घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घायलों की पहचान: कार में सवार राजस्थान निवासी विक्की और किन्नौर निवासी राजू को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का उपचार सुजानपुर अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

टौणीदेवी के तहसीलदार सौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर भेजी गई थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक