बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार हुये देश द्रोह के आरोपी शरजील इमाम

दिल्ली पुलिस ने बिहार के जहानाबाद से शरजील इमाम को गिरफ्तार कर लिया है। जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र से शरजील इमाम की गिरफ्तारी हुई है। शरजील इमाम को लेकर कई विवादित वीडियो वायरल हैं. जो वीडियो सबसे ज्यादा वायरल है उसमें वो पूर्वोत्तर के राज्यों, खासकर असम को शेष भारत से अलग (कम से कम एक महीने के लिए) करने की बात कर रहा है। इस विवादित भाषण के बाद से ही शरजील इमाम फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी अभियान चला रही थी।

इमाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा रविवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 124 ए, 153 ए और 505 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ 16 जनवरी को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में दिए गए एक भाषण को लेकर शनिवार को देशद्रोह का मामला दर्ज किया। असम पुलिस ने भी शरजील के भाषणों को लेकर उसके खिलाफ आतंकवाद रोधी कानून यूएपीए के तहत एक मामला दर्ज किया।


