17 से 19 सितम्बर तक आयोजित होगा राज्य स्तरीय सायरोत्सव
हमारी संस्कृति हमें एकजुटता के साथ आगे बढ़ना सिखाती है – संजय अवस्थी
सोलन ज़िला के अर्की उपमण्डल का सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक सायर मेला इस वर्ष 17 से 19 सितम्बर, 2023 तक अर्की के चैगान मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य ससंदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा श्रम एवं रोज़गार विभाग) संजय अवस्थी ने दी। संजय अवस्थी ने कहा कि इस वर्ष हिमाचल विकट प्राकृतिक संकट का सामना कर रहा है। प्रदेश सरकार आपदा के प्रभाव एवं कारकों को न्यून करने, राहत एवं पुनर्वास सुनिश्चित बनाने और प्रभावितों को आश्वस्त करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद और सभी के सहयोग से हिमाचल पुनः प्रगति पथ पर अग्रसर होगा तथा सभी प्रभावितों को समुचित आश्रय प्राप्त होगा। उन्होंने आपदा के समय में एकजुट होकर कार्य करने और आपदा प्रभावितों की समुचित सहायता सुनिश्चित बनाने के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और गैर-सरकारी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि हमारी संस्कृति हमें एकजुट होकर सफलता की ओर बढ़ना सिखाती है। उन्होंने कहा कि हमारे मेले, उत्सव एवं त्यौहार भी हमें विकास की ओर एकजुटता से आगे बढ़ने का संदेश देते हैं। अर्की का सायरोत्सव इसी दिशा में हम सभी का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय यह तीन दिवसीय उत्सव वरुण देव का आभार प्रकट करने का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने आशा जताई कि यह उत्सव हम सभी में नवचेतना का संचार करेगा। संजय अवस्थी ने कहा कि मेले एवं उत्सवों की सफलता सभी की सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का शीघ्र गठन किया जाए।

