मंदिर में माथा टेकने जा रही महिला को अज्ञात वाहन ने रौंदा, पीजीआई में तोड़ा दम
जिला ऊना में सड़क दुर्घटनाओं के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एक बार फिर दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां मंदिर में माथा टेकने जा रही महिला को अज्ञात वाहन ने बुरी तरह से रौंद डाला। हादसे में महिला जख्मी हुई जिसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। यहां पर महिला का उपचार चल रहा था तथा उसने जख्मों के घाव न सहते हुए दम तोड़ दिया।
वही महिला को टक्कर मारने के बाद से वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है जिसे पुलिस ढूंढने का प्रयास कर रही है। मामला जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव बसाल का है। यहाँ 48 वर्षीय मीना देवी पत्नी पप्पू निवासी बडसाना मथुरा, यूपी परिवार सहित चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने जा रही थी। इसी दौरान वह गाडी से उतरकर बसाल में लक्की कवाडिया के पास पानी लेने के लिए जाने लगी तो अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का भी मौके पर जमावड़ा लग गया। जिसके बाद महिला को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया जहां से महिला की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया जहां उसकी मृत्यु हो गई। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।


