कांग्रेस ने भारत को अंग्रेजों की तरह लूटा: जयराम
शिवाबदार (द्रंग) द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवाबदार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजों ने और आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सत्ता में कांग्रेस कई वर्षों तक रही, लेकिन विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लूट नीति से अमीर लोग और अमीर होते गए, जबकि गरीब लोग और गरीब हो गए।
मुख्यमंत्री ने स्व. रामस्वरूप शर्मा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हमारे अच्छे और बुरे वक्त के मित्र एवं पूर्व सांसद स्व. रामस्वरुप जी नहीं रहे, जिस कारण उपचुनाव हो रहा है। इसलिए हमारे प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगने यहां आया हूं।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग भी यहां आएंगे और मुझे गालियां देकर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव ब्रिगेडियर साहब लड़ रहे हैं और कांग्रेसी नेता गालियां जयराम को दे रहे हैं।

‘यूपीए सरकार में होते थे सैकड़ों करोड़ों के घोटाले’
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी मंडी में जाकर बोलते हैं कि काम सराज में हुआ है, सराज पहुंच कर बोलते यहां भी कुछ नहीं हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश से कांग्रेस इसलिए हार रही है, क्योंकि देश में लूट मचा रखी थी। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को सात साल हुए, लेकिन सात रुपये का घोटाला नहीं हुआ। पूर्व की यूपीए सरकार में सैकड़ों करोड़ों का घोटाला हुआ। कांग्रेस के मित्रों को आज पूरे देश और प्रदेश से कांग्रेस मुक्त होने की चिंता सता रही है। जयराम ठाकुर ने यहां की स्थानीय बोली में भी जनता को संबोधन किया।


