बारातियों से भरी ऑल्टो कार खाई में गिरी, तीन महिला सहित चार लोग घायल
जिला मंडी में लडभड़ोल के तुलाह गांव से हराबाग जा रही बारातियों से भरी एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसा शुक्रवार सुबह पेश आया। बताया जा रहा है कि कार में सवार तीन महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। जबकि चालक को कुछ चोटें आई हैं। घायलों का उपचार लडभड़ोल सिविल अस्पताल में चल रहा है। यहां पर सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान अंजना देवी निवासी गरोरू, नीलम निवासी शिमला, सोनिया निवासी बैरी, विजय कुमार निवासी तुलाह के रुप में हुई है। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बताया कि हादसे में घायल हुए 4 लोग खतरे से बाहर हैं। अगर जरूरत पड़ी तो मरीज को रेफर भी किया जाएगा। अन्यथा उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।