Third Eye Today News

सोनिया गांधी पर टिप्पणी को लेकर BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज

Spread the love

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान पर टिप्पणी करना भाजपा सांसद कंगना रनौत के लिए कानूनी जांच का विषय बन गया है। कंगना की 10 नवंबर को सोशल मीडिया पर प्रकाशित पोस्ट को लेकर शिमला में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता अतुल शर्मा ने आरोप लगाया है कि पोस्ट में इन तीनों नेताओं की मौतों और उसके बाद सोनिया गांधी के राजनीतिक रूप से प्रभावशाली होने की घटनाओं को इस तरह जोड़ा गया है, जिससे संदेह और भ्रामक धारणा पैदा हो सकती है। शिमला के बालूगंज पुलिस थाने में शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2), 196(1)(बी) और 356(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ टिप्पणी पर आपत्ति
शिकायत के अनुसार कंगना रनौत ने अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से गांधी परिवार से संबंधित एक पुराना वीडियो साझा किया था। इसमें सोनिया गांधी को ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ बताया गया और राजीव गांधी से विदेश में एक कैफे में मुलाकात का जिक्र किया गया। पोस्ट में इसके बाद इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की मौतों तथा संजय गांधी की मौत का संदर्भ देते हुए सोनिया गांधी के राजनीतिक रूप से शीर्ष पर पहुंचने पर टिप्पणी की गई थी। इसमें ‘हाउ कन्वीनिएंट’ यानी ‘कितना सुविधाजनक’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया। शिकायत में मेनका गांधी को संजय गांधी की मौत के बाद परिवार के आवास से बाहर किए जाने संबंधी टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई गई है।

पोस्ट के पीछे की मंशा और प्रभाव की जांच की मांग
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का कहना है कि किसी ऐतिहासिक घटना या राजनीतिक व्यक्तित्व की आलोचना करना अपराध नहीं है, लेकिन तीन नेताओं की मौतों को राजनीतिक सत्ता में बदलाव से जोड़कर पेश करने और सोनिया गांधी के विदेशी मूल को बार-बार उभारने से लोगों में संदेह और वैमनस्य पैदा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से यह जांचने की मांग की है कि पोस्ट का उद्देश्य क्या था और उसके प्रसार से किसी वर्ग या समुदाय के बीच नफरत अथवा सार्वजनिक अशांति की स्थिति पैदा होने की आशंका थी या नहीं।

वीडियो के मूल स्रोत और डिजिटल रिकॉर्ड की होगी जांच
शिकायत में कंगना के सोशल मीडिया अकाउंट की प्रामाणिकता, पोस्ट के मूल लिंक, प्रकाशन की तारीख और समय तथा डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट के साथ साझा वीडियो का यूट्यूब लिंक भी दिया है। पुलिस से वीडियो के मूल स्रोत, वास्तविक संदर्भ और उसकी प्रस्तुति की जांच करने को कहा गया है। इसके साथ पोस्ट पर आई प्रतिक्रियाओं, उसके प्रसार और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की साइबर फोरेंसिक जांच की मांग की गई है।

एसपी कार्यालय से पहुंची शिकायत
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अतुल शर्मा की शिकायत 13 नवंबर को डाक के माध्यम से शिमला सदर कार्यालय पहुंची थी। एसपी शिमला गौरव सिंह के माध्यम से इसे संबंधित थाने भेजा गया। इसके बाद शिमला के बालूगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई।  शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक