Third Eye Today News

शिमला में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक, सुरेश कश्यप बोले- जल्द हिमाचल आएंगे पीएम

Spread the love

शिमला में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक।

हिमाचल प्रदेश भाजपा अपने कोर ग्रुप की बैठक में एक-एक सीट पर मंत्रणा करेगी कि कहां मजबूत है और कहां कमजोर है। संभावित प्रत्याशियों को लक्षित कर चुनाव प्रचार की रणनीति बनाई जाएगी। कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा आज तमाम मुद्दों पर रणनीति बनाएगी। पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी प्रदेश भाजपा के नेताओं को चुनाव प्रचार के बारे में कुछ टिप्स दिए हैं। इन पर विचार-मंथन होगा।  प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक  राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में हो रही है। प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हो रही बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, पूर्व पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सतपाल सत्ती, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जमवाल, राकेश जमवाल और त्रिलोक कपूर ने भी बैठक में शामिल हैं। 

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही हिमाचल का दौरा करेंगे।  सितंबर में प्रधानमंत्री की ओर से एम्स का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एम्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सबसे बड़ा ड्रीम प्रोजेक्ट है।  इसे तेज गति से बनाया जा रहा है और समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री जल्द ही भाजयुमो की रैली को भी संबोधित करेंगे, इसके लिए उन्हें आमंत्रित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का हाल का हिमाचल दौरा पूरी तरह सफल रहा। आने वाले समय में इस तरह के और भी दौरे होंगे।विधानसभा चुनाव के लिए महज दो महीने ही बचे हैं। उससे पहले प्रदेश भाजपा पूरी तरह से पूरे दमखम से चुनावी मोड में आ गई है। इसी क्रम में फटाफट पार्टी के कोर ग्रुप की बैठकें बुलाई जा रही हैं। अगस्त में कोर ग्रुप की यह दूसरी बैठक हो रही है।  केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व सीएम शांता कुमार बैठक में नहीं आएंगे। अनुराग ठाकुर व्यस्त हैं तो शांता कुमार अस्वस्थ होने के बाद पिछले कुछ दिनों से घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।  बैठक में प्रदेश भाजपा की चुनाव संचालन समिति और चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों पर मुहर लग सकती है कि किन-किन को इन समितियों में शामिल करना है। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हैं तो चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल बनाए गए हैं

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक