Third Eye Today News

मंडी में फोरलेन पर बड़ा हादसा, पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर…सुपरवाइजर की गई जान

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अंतर्गत औट तहसील के शालानाल में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान एक हृदयविदारक हादसा पेश आया है। यहां पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर की चपेट में आने से निर्माण कंपनी के एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। इस घटना के बाद मृतक के पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को 42 वर्षीय मोहर सिंह, जो कि शालानाल (टनीपरी) के निवासी थे, थलौट के पास फोरलेन निर्माण स्थल पर नाली सफाई के कार्य की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर पहाड़ी से एक विशाल पत्थर सीधे उन पर आ गिरा। पत्थर की चपेट में आने से मोहर सिंह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घायल अवस्था में मोहर सिंह को तुरंत कुल्लू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एम्स (AIIMS) बिलासपुर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, देर रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मृतक संबंधित निर्माण कंपनी में बतौर सुपरवाइजर सेवाएं दे रहे थे।

प्रशासन ने दी फौरी राहत

एनएचएआई (NHAI) पीआईयू मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए इसे एक आकस्मिक घटना बताया है। वहीं, औट के तहसीलदार रमेश राणा ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन की ओर से 25,000 रुपये की फौरी सहायता राशि प्रदान की है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक