बारालाचा दर्रे में बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग बंद, दारचा और सरचू में फंसे वाहन
मनाली-लेह मार्ग बारालाचा दर्रे में हिमपात होने से वाहनों के लिए बंद हो गया है। लेह की ओर सरचू व लाहुल की ओर दारचा में वाहन फंस गए हैं। BRO ने सुरक्षा को देखते हुए वाहनों को दारचा व सरचू में रोकने की बात कही है। चार दिन से मनाली-लेह मार्ग के ऊंचे दर्रों बारालाचा व तंगलंगला में बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी को देखते हुए एचआरटीसी केलंग डिपो ने एहतियातन अपनी दिल्ली-लेह बस सेवा बंद कर दी है। मौसम के हालात ऐसे ही रहे तो बस सेवा अब अगले साल गर्मियों में ही बहाल होगी।
लाहुल स्पीति पुलिस की माने तो बीआरओ 70 आरसीसी ने बारालाचा में ताजा हिमपात होने की बात कही है। मनाली-लेह मार्ग को अगले आदेश तक यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। बीआरओ की ओर से सड़क को बहाल करने के बाद बारालाचा दर्रे पर यातायात फिर से शुरू हो जाएगा।
दूसरी ओर शिंकुला दर्रे में हिमपात होने से दारचा पदुम मार्ग भी वाहनों के लिए बंद हो गया है। कुंजुम दर्रे में हल्की बर्फबारी होने से मनाली ग्रांफु काजा मार्ग में भी जोखिम बढ़ गया है। रोहतांग दर्रे में भी बर्फबारी हुई है। लाहुल-स्पीति सहित कुल्लू मनाली की समस्त ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है।
एसपी लाहुल स्पीति मानव वर्मा ने बताया बारालाचा दर्रे में बर्फबारी को देखते हुए लेह मार्ग वाहनों के लिए बंद कर दिया है। बीआरओ की ओर से सड़क बहाल करने के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारू हो जाएगी।





